ललितपुर। रेलवे स्टेशन के बाहर वाहन पार्किंग की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। रेलवे द्वारा वाहन स्टैंड का ठेका नहीं होने के कारण यहां वाहनों की चोरी का भय बना रहता है तो वाहनों से पेट्रोल भी निकाल लिया जाता है। रेल यात्रियों ने स्टेशन के बाहर वाहन स्टैंड का स्थायी ठेका करवा कर समस्या के समाधान की मांग की है।
रेलवे स्टेशन के बाहर करीब दो वर्ष से वाहन स्टैंड का ठेका नहीं हुआ है। दो वर्ष पूर्व उक्त वाहन स्टैंड का ठेका होने के बाद भी वाहन चोरियों हो रही थीं। इसके बाद जीआरपी द्वारा सख्ती से कार्रवाई भी की गई, जिसके बाद रेलवे द्वारा स्टैंड से ठेकेदार को हटा दिया गया और नया टेंडर भी निकाला। लेकिन, इस वाहन स्टैंड का टेंडर किसी न किसी कारण से नहीं हो सका। हालांकि, वर्ष के कुछ महीनों पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान मंडल कार्यालय द्वारा वाहन स्टैंड का ठेका कुछ समय के लिए करा दिया गया, लेकिन फिर से वाहन स्टैंड का ठेका खाली हो गया। तब से अब तक यहां वाहन रखने ी समस्या बनी हुई है। वर्तमान में हालात यह हैं कि ललितपुर से धौर्रा, बीना, मंडी बामौरा, गंजबासौदा, विदिशा, तालबेहट,बबीना, झांसी के लिए यात्री रोजाना विभिन्न ट्रेनों से आवागमन करते हैं। जिसके चलते अन्य स्टेशनों पर जाने या अन्य स्टेशनों से आने पर यात्री अपने दो पहिया वाहन रेलवे स्टेशन के बाहर भगवान भरोसे रखकर जा रहे हैं। वाहन स्टैंड के लिए कोई ठेका नहीं होने की वजह से यात्री यहां बिना किसी सुरक्षा के वाहन रखकर चले जाते हैं और जब शाम को या फिर दूसरे दिन लौटते हैं तो अपने वाहन उठाकर चले जाते हैं। कई बार यात्रियों को अपने वाहन सुरक्षित नहीं मिलते हैं। कभी किसी वाहन का पेट्रोल चोरी हो जाता है तो किसी वाहन के पुर्जे ही गायब कर दिए जाते हैं। यहां तक कि वाहन चोरी की घटनाएं भी होती रहती हैं। इस संबंध में जब यात्रियों से बात की तो उन्होंने स्टैंड पर सुरक्षा की कमी खलने की बात स्वीकारी और इसके लिए रेलवे से स्थायी समाधान की बात कही।
-
रोजाना झांसी से आकर ग्राम खिरिया छतारा में विद्यालय में पढ़ाने जाते हैं। इसलिए दो पहिया वाहन स्टैंड पर रखना होता है। लेकिन यहां वाहन स्टैंड का ठेका नहीं होने के कारण वाहन को लॉक करके बिना किसी सुरक्षा के रखकर चले जाते हैं, लेकिन डर लगता है कि अगले दिन जब लौटकर आएंगे तो वाहन सुरक्षित मिलेगा या नहीं। दो साल से लगातार ये दिक्कत बनी हुई है।
रेलवे स्टेशन परिसर में वाहन स्टैंड नहीं होने से हमेशा वाहन चोरी का भय बना रहता है। स्टैंड नहीं होने से दो पहिया वाहनों को रेलवे कालोनी या फिर अन्य परिचितों के घर रखना पड़ रहा है। रेलवे द्वारा इसके लिए स्थायी समाधान निकालकर जल्द से जल्द रेलवे स्टेशन पर ठेका कराना चाहिए।
-तौफीक सलूम, मून।
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर वाहन स्टैंड के लिए टैंडर हो गया है और यह टैंडर बीस दिसंबर को खुलेगा, इसके बाद वाहन स्टैंड पर सुरक्षा रहेगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे, झांसी।