ललितपुर। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों के स्वास्थ और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग कराई जा रही है और सैनिटाइजेशन के बाद ही ट्रेनों में एंट्री दी जा रही है।
कोरोना के मरीज बढ़ने के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्र में बैरीके डिंग की गई है, संक्रमित लोगों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती किया गया और उनके परिजनों को क्वारंटाइन किया जा रहा है। इसी तरह रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों ने सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। मंडलीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार रेलवे स्टेशन पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्धारित दूरी पर गोली बनाए गए हैं, जहां पर यात्रियों को निर्धारित दूरी पर खड़े होकर गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है। स्टेशन पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है और यदि इनमें किसी का भी टेंपरेचर अधिक पाया जाता है तो उसे ट्रेन में बैठने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर कर्मचारियों को सतर्कता के लिए पूरी सुरक्षा किट पहनकर ही लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करके डिटेल नोट की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर उन्हीं व्यक्तियों को एंट्री दी जा रही है, जिनके कंफर्म टिकट हैं। वेटिंग टिकट वालों को एंट्री से रोका जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर, टिकट कलेक्टर, वाणिज्य कर के कर्मचारी आदि सभी लोग पूरी कट में काम कर रहे हैं।
कोविड-19 को देखते हुए स्टेशन पर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। रेलवे स्टेशन दिन में तीन बार सैनिटाइज कराया जा रहा है। साफ- सफाई का ध्यान रखा जा रहा है और प्रत्येक आने वाले व्यक्ति की स्क्रीनिंग हो रही है। कर्मचारियों को सैनिटाइजर, ग्लब्ज और मास्क उपलब्ध कराए गए हैं। - वीके वर्मा, स्टेशन प्रबंधक