संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में शनिवार को एक्स-रे व सीटी स्कैन जांच शुरू होते ही मरीजों की कतार लग गई। लगभग दोगुने मरीज जांच के लिए पहुंचे। ऐसे में मरीजों को अपनी बारी आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। शाम चार बजे तक 60 मरीजों की सीटी स्कैन जांच हुई तो 95 लोगों की एक्स-रे जांच की गई।
अस्पताल में आने वाली मेन लाइन में शुक्रवार को ग्राम सिवनी के पास फाल्ट हो गया था। सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर बिजली गुल हो गई थी। इससे मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे व सीटी स्कैन जांच मशीन नहीं चल पाई। 50 से 60 मरीज बिना जांच कराए वापस हो गए थे।
शनिवार को पैथोलॉजी में एक्स-रे व सीटी स्कैन जांच शुरू हुई तो कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लग गई। पंजीयन के बाद मरीजों के पर्चे जमा किए गए, इसके बाद एक-एक मरीज की जांच होती गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन 40 से 50 एक्स-रे किए जाते हैं। वहीं, 35 से 40 सीटी स्कैन जांच की जाती है।
शनिवार को दो दिन के मरीज होने से लगभग 95 मरीजों के एक्स-रे जांच की गई। वहीं, 60 लोगों की सीटी स्कैन जांच की गई। अधिक मरीज होने से शाम पांच बजे तक सीटी स्कैन जांच होती रही।
-
शनिवार को एक्स-रे व सीटी स्कैन कराने वाले मरीजों की संख्या अधिक हो गई थी। ओपीडी के बाद भी जांच कराई गई।
- डॉ. डीनाथ, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज