ललितपुर। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ललितपुर में संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। उन्होंने क्वारंटीन किए गए सभी लोगों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
रसोई के सह-नोडल/जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय ने अवगत कराया कि यहां क्वारंटीन लोगों के लिए सुबह के नास्ते में पोहा, बिस्किट, चाय, दोपहर के खाने में दाल, चावल रोटी, मिक्स् रसीली सब्जी, शाम को बिस्किट, चना, चाय तथा रात के खाने में दाल, चावल, रोटी व सब्जी दी जाती है। यहां बनने वाले भोजन को लगभग 20 शेल्टर होम में भेजा जाता है। राज्यमंत्री ने क्वारंटीन किए लोगों से बातचीत की। मौके पर सभी शौचालय स्वच्छ पाए गए। बताया गया कि रसोई में कम से कम सात दिनों का स्टॉक रखा जाता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, सामुदायिक रसोई प्रभारी पीडी निरंजन सहित अन्य स्टॉफ मौजूद रहा।
फोटो- 47
एक हजार लोगों के लिए तैयार किए जा रहे लंच पैकेट
महरौनी/ललितपुर। श्रम और सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने सामुदायिक किचन एवं शेल्टर होम का निरीक्षण किया। उन्होंने नाश्ते में कभी चाय-बिस्कुट एवं कभी पोहा देने के निर्देश दिए। श्रम मंत्री को जानकारी दी गई कि इस रसोई से दो शेल्टर होम के 136 व्यक्तियों को सुबह-शाम का खाना जाता है। अमझरा घाटी पर एकत्रित हो रहे लगभग एक हजार लोगों के लिए लंच पैकेट तैयार होकर जा रहे हैं। नाश्ते में चना उबाल कर दिये जा रहे हैं। खाने में दाल, चावल, सब्जी व रोटी दी जाती है। रुके हुए व्यक्तियों के लिए भरपेट खाना भिजवाया जा रहा है। शेल्टर होम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज महरौनी में निरीक्षण के समय विद्यालय के प्रधानाचार्य उपस्थित मिले। यहां पर 59 व्यक्ति (महिला एवं पुरुष) रुके हैं। खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी करने पर बताया गया कि खाना ठीक एवं पर्याप्त मात्रा में मिलता है। साफ-सफाई, पेयजल आदि की व्यवस्थायें ठीक पाई गईं। सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था की गई है। रुके व्यक्तियों ने बताया कि वह राजस्थान से लौटे हैं तथा जनपद के ही ग्राम अंधेर, बूचा, सिंगेपुर आदि ग्रामों के रहने वाले हैं। रविवार को 14 दिन होने के बाद यह लोग यहां से चले जाएंगे। लोगों को कहा गया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णत: पालन करें। महिलाओं से पूछा गया कि उन्हें कोई समस्या तो नहीं है।
शेल्टर होम बड़ौनियां इंटर कॉलेज महरौनी में प्रभारी राजकुमार पुरोहित खंड शिक्षा अधिकारी हैं। निरीक्षण के समय बताया गया कि यहां पर 50 व्यक्ति (महिला/पुरुष) रूके हैं। जनपद के ही ग्राम अमौरा, कारीटोरन, पीड़ार, रमगढ़ा, भीकमपुर आदि के रहने वाले हैं। उन्होंने पूछा तो महिलाओं ने बताया कि खाना ठीक एवं भरपेट मिलता है तथा कोई समस्या नहीं है। इन लोगों को अभी 10-11 दिन ही हुए हैं। राज्यमंत्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (कम्युनिटी किचेन) में कम्युनिटी किचेन के प्रभारी विनय कुमार अग्रवाल अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा और औषधि विभाग विलंब से उपस्थित हुए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार पांडेय, तहसीलदार महरौनी, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महरौनी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।