फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेहरू नगर की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त, बेकार बह गया पानी

विज्ञापन
नेहरू नगर की टूटी पाइप लाइन - फोटो : LALITPUR
विज्ञापन
ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर की पाइप लाइन एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे समूचे नेहरू नगर में पानी को लेकर हाहाकार मच गया। सुबह से ही हैंडपंपों पर लोगों की भीड़ लग गई। वहीं, मोहल्ले में आए टैंकरों पर पानी भरने वालों का तांता लगा रहा।
विज्ञापन

नेहरू नगर में पिछले कई दिनों से पेयजल का संकट बना हुआ है। जल संस्थान का सिस्टम बार-बार मोहल्लेवासियों का साथ छोड़ रहा है। पहले साइफन फेल हुआ, उसके बाद पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई। संस्थान कर्मियों ने इनकी मरम्मत कर आपूर्ति को सुचारू बनाने का प्रयास किया तो एक बार फिर रेलवे पुल के पास पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप लाइन फटने से कीमती पानी इधर-उधर फैल गया। आसपास के गड्ढे पानी से लबालब हो गए।
वहीं, मोहल्लेवासी बूंद-बूंद पानी को तरस गए। शनिवार को तड़के सुबह से ही मोहल्लेवासी नलों के नीचे अपने-अपने बर्तन रखकर नल आने का इंतजार कर रहे थे, जब बहुत देर तक नल नहीं आये तो मोहल्लेवासियों के चेहरे पर मायूसी छा गए। जब लोगों को हैंडपंप पर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा तो कई लोग जल संस्थान की कार्यप्रणाली को कोसते रहे।
विज्ञापन

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित रहती है। इन क्षेत्रों में सुबह चार बजे से शुरू होकर रात्रि ग्यारह बजे तक लोगों द्वारा पानी भरने का सिलसिला चलता रहा। उधर, जल संस्थान के अधिशाषी अभियन्ता संजीव कुमार व लक्ष्मन यादव सुपर वाइजर ने रेलवे पुल के नीचे पहुंचकर नेहरू नगर की क्षतिग्रस्त पाइप लाइन का निरीक्षण किया।
मोहल्ले में कई टैंकर आ रहे हैं, कुछ समाजसेवियों ने टैंकर चलाए हैं। इसके बाद भी पानी की पूर्ति नहीं हो रही है। जैसे ही टैंकर मोहल्ले में आता है, वैसे ही लोग बर्तन लेकर दौड़ पड़ते हैं। कमोवेश यही स्थिति हैंडपंपों की है।
- मुन्नालाल
नेहरू नगर में जल संस्थान के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है। करीब पंद्रह दिन से मोहल्ले में पानी की समस्या बनी हुई है। कभी पाइप लाइन फट जाती है तो कभी साइफन फेल हो जाता है। इस वजह से मोहल्लेवासियों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
- राजेश यादव
मोहल्ले में मेन रोड पर पानी के टैंकर आते हैं, जबकि गलियों में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। जिस वजह से पानी के टैंकरो पर पानी भरने वालों की भारी भीड़ लग जाती है। जो पानी नेहरू नगर की जनता को पीने के लिये मिलना चाहिए था, वह सारा पानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से बहकर बर्बाद हो गया।
- राजू
नेहरू नगर में एक हफ्ते से नल नहीं आ रहे हैैं। कई गलियों में पिछले कई दिनों से नल में एक बूंद पानी की नहीं टपकी है। मोहल्लेवासियों ने नल नहीं आने का कारण जानना चाहा तो पता चला कि सुबह फिर रेलवे पुल के नीचे से नेहरू नगर की ओर जाने वाली पानी की पाइप लाइन फट गई है।
- पुष्पा
नल नहीं आने से लोगों को तपती लाल, धूप में दूर- दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। महिला, पुरुष व बच्चे सभी अपने-अपने हाथों में पानी के डिब्बा लिये भटक रहे हैं। कोई आधा किलोमीटर दूर से तो कोई एक किलोमीटर दूर से पानी भर रहा है।
-रजनी
जिला प्रशासन द्वारा नेहरू नगर की गंभीर समस्या का निदान नहीं किया जा रहा है, जिससे नेहरू नगरवासियों को पानी के लिये भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों को दिनभर तपती लाल धूप में पानी भरकर पसीना बहा रहे हैं।
- देवेंद्र राय
रेलवे पुल के नीचे पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। मोहल्लेवासियों ने इसकी सूचना दी, जिस पर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत की।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान

टैंकर से पानी भरने को लगी लोगों की भीड़- फोटो : LALITPUR

नेहरू नगर में हैंड़पंप पर लगी लोगों की भीड़- फोटो : LALITPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें