संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से ट्रेन में चढ़ने के दौरान महिला के गहने और 3500 रुपये नकदी रखा पर्स चोरी हो गया। महिला की तहरीर के आधार पर थाना जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के उज्जैन के शास्त्री नगर निवासी अखिलेश पत्नी सुनील लोधी ने थाना जीआरपी में तहरीर देकर बताया कि वह कुछ दिन पूर्व ग्राम करमरा थाना पाली, ललितपुर अपने मायके आई थी। उसके बाद बीते 20 जून को समय करीब शाम सात बजे वह उज्जैन जाने के लिए रेलवे स्टेशन ललितपुर पर ट्रेन के इंतजार में बैठी थी। बगल में ही उसका बैग व सामान रखा था और उसी पर उसने अपना पर्स रख दिया। वहीं बैठे वह पानी पीने लगी और कुछ देर बाद ट्रेन आने पर वह महामना ट्रेन पर चढ़ी, तो भीड़ अधिक होने के कारण वह महामना ट्रेन से उतरकर दो नंबर प्लेटफार्म पर चली गई।
पातालाकोट ट्रेन आने पर वह उसमें बैठ गई और कुछ देर बाद रास्ते में उसने पर्स खोलकर देखा तो उसमें रखा एक छोटा पर्स गायब था, जिसमें करीब एक तोले सोने के जेवरात व 3500 रुपये नकद रखे थे। उसने घर जाकर अपना सामान व बैग की तलाशी की, लेकिन उसमें भी नहीं मिले। महिला की तहरीर के आधार पर थाना जीआरपी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।