महरौनी/ललितपुर। महरौनी तहसील के किसानों ने खरीफ की फसल अतिवृष्टि के चलते खराब हो जाने से सर्वे कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
पिछले लगभग चार-पांच सालों से प्रकृति की मार झेल रहे किसानों के लिए इस साल भी मायूसी हाथ लगी है। इस साल खेतों में उड़द की फसल अच्छी लहलहा रही थी कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में हुई लगातार तेज बारिश से उड़द की फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है। इस वैश्विक महामारी के समय प्रकृति का ये कहर किसानों पर पहाड़ बन कर टूटा है। अब किसानों ने शासन मदद की गुहार लगाई है। ग्राम सिंदवाहा, सिलावन, गुन्द्रापुर, बैजनाथ, पठा, चौकी,बैरवारा आदि दर्जन भर से अधिक ग्रामों के किसानों ने जिलाधिकारी से क्षतिग्रस्त हुई उड़द की फसल का सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति/ फसल बीमा क्लेम दिलाने की मांग को लेकर एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी महरौनी को सौंपा है। ज्ञापन पर संदीप नायक, राकेश शर्मा, रामपाल, शेखर, नंदकिशोर, माणिकलाल समेत दर्जनों किसानों के हस्ताक्षर हैं।