ललितपुर। नगर क्षेत्र में काफी दिनों से बकरियों की चोरी हो रही थी, लेकिन शुक्रवार को बकरी चोर भीड़ के हत्थे चढ़ गए। भीड़ ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बकरा चोर राजस्थान से यहां आकर बकरियां चुराते थे।
शुक्रवार की दोपहर एक कार से सब्जी मंडी के पास पहुंचे चार युवकों की हरकतों पर स्थानीय व्यापारियों को शक हुआ। काफी देर उन पर नजर रखने के बाद व्यापारियों ने देखा कि कार से आए संदिग्ध लोग सब्जी मंडी के पास घूम रहे बकरे व बकरियों को लुभा रहे हैं।
इसी बीच चार लोगों ने एक बकरे को उठाकर कार की डिग्गी में रख लिया। यह देख स्थानीय लोग समझ गए कि यह लोग जानवर चुराने वाले गिरोह से जुड़े हैं। व्यापारियों ने एकजुट होकर संदिग्धों को ललकारा, तो चारों लोग कार छोड़कर भागने लगे। लेकिन, घेराबंदी करके चारों को पकड़ लिया गया।
इसके बाद उन्हें कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें चार बकरे मिले। पकड़े गए लोगों की पहचान राजस्थान के कोटा जिले के आनंद पुरा गांव निवासी गोलू लाल, राजू लाल, शाहरुख खान व जितेंद्र पवार के रूप में हुई। इनके पास से नई ईआन कार बरामद हुई है, जिसका उपयोग वह बकरियों को छिपाने के लिए करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर रही है।
निशाने पर है जिला
शुक्रवार को पकड़े गए चार बकरा चोरों की पहचान राजस्थान के निवासियों के रूप में हुई है। गत वर्ष मड़ावरा तहसील के गांवों से बच्चों को राजस्थानी पशु व्यापारियों को बेच देने की घटना सामने आई थी। शिकायत के बाद आधा दर्जन से अधिक बच्चों को पशु व्यापारियों के हत्थे से छुड़ाया गया था।
जनपद में राजस्थानी पशु व्यापारियों की आवाजाही काफी है, जिसका उपयोग पशुधन चोरी में भी किया जा रहा है। पिछले कई महीनों से जिले के विभिन्न थानों में भैंसों के चोरी होने की कई शिकायत सामने आई हैं। दो महीनों में ही कई भैंसें गायब हो चुकी हैं। पकड़ गए बकरा चोरों से पूछताछ में दूसरी घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
पब्लिक ने पीटा
बकरा चुराते पकड़े गए चारों बदमाशों को स्थानीय लोगों ने काफी पीटा। पब्लिक सब्जी मंडी से जुलूस की शक्ल में उन्हें पीटते हुए कोतवाली लेकर पहुंची। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए।