पाइपलाइन बिछाए जाने के खोदी गई सड़क बनी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर की गलियों में पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद हो रही सड़कों की मरम्मत में घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए बुंदेलखंड विकास सेना के सदस्यों ने कंपनीबाग में प्रदर्शन किया। उन्होंने घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है।
संगठन प्रमुख हरीश कपूर टीटू ने कहा कि शहर में अमृत योजना के अंतर्गत पाइपलाइन बिछाए जाने का कार्य किया जा रहा है। इसमें कार्यदायी संस्था के ठेकेदार मनमाने तरीके से जेसीबी मशीन से सड़कों की खोदाई कर रहे हैं। इसमें कटर का प्रयोग नहीं किया जाना था। जेसीबी से सड़क तोड़ने से हालत बदतर हो गई है। हल्की बारिश में रास्ता कीचड़ व दलदल में तब्दील हो रहे हैं। सूखने पर वाहनों की निकासी में धूल के गुबार उड़ रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि सड़कों की मरम्मत ठीक से नहीं की जा रही है। महज खानापूर्ति की जा रही है। इससे जल्द ही उखड़ रही है। संगठन ने सड़कों को ठीक से मरम्मत करने की मांग की है। चेतावनी दी है कि मरम्मत ठीक से न होने पर संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। प्रदर्शन में इस दौरान राजकुमार कुशवाहा, कदीर खान, परवेज पठान, कमल विश्वकर्मा, राम प्रकाश झा, जगदीश झा, नंदराम कुशवाहा, गफूर खां आदि अन्य मौजूद रहे।