संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सर्दी के मौसम में धमनियां सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। लंबे समय से उच्च रक्तचाप मरीज को गंभीर बीमारी दे सकता है। हार्ट अटैक, स्ट्रोक की समस्या हो सकती है। नियंत्रण के लिए नियमित रूप से दवा का सेवन करें। सर्दी से बचाव करें, समस्या होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
मेडिकल कॉलेज के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि ठंड बढ़ने से शरीर में रक्त वाहिकाओं की मांसपेशियां सिकुड़ने लगती हैं, इससे ब्लड प्रेशर बढ़ता है। लगातार इसके बढ़े रहने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, हार्ट डिजीज, आंखों की रोशनी कम होने का खतरा रहता है। ब्लड प्रेशर का स्तर 120-80 सामान्य माना जाता है। सर्दियों के मौसम में बीमारियों से बचने के लिए ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखें। अधिक सर्दी में सुबह-शाम घर से न निकलें। ठंडे पदार्थों का सेवन न करें। बीपी नियमित रूप से जांच कराएं।
-
इस तरह से करें ब्लड प्रेशर कम
- वजन कम करें।
- प्रतिदिन 30 मिनट तक टहलें।
- हेल्दी डाइट लें, हरी सब्जियों का सेवन करें।
- किसी भी प्रकार का नशा न करें।
- सात घंटे तक सोएं, देर रात तक न जागें।
- नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराएं।
- कोलेस्ट्रॉल व ब्लड शुगर नियंत्रित करें।
-
सर्दी के मौसम में ब्लडप्रेशर बढ़ने पर सतर्क हो जाएं। हार्ट अटैक, स्ट्रोक समेत अन्य गंभीर समस्या हो सकती है। चिकित्सक के परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करें।
-डॉ. राजीव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ फिजीशियन, मेडिकल कॉलेज