ललितपुर। होमगार्ड स्थापना दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रैली निकाली गई और वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
रविवार को 53 वें होमगार्ड स्थापना दिवस पर जिला कमांडेंट होमगार्ड्स के तत्वावधान में महिला और पुरुष होमगार्ड्स की रैली निकाली गई, जो जिलाधिकारी आवास होते हुए कोतवाली पहुंची। इसके बाद राजकीय इंटर कालेज में डीएम डा. रूपेश कुमार के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स ने पूरी कर्तव्य परायणता और अनुशासन के साथ सौंपे गए कार्यों को निपटाया है। शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने या अन्य किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में होमगार्ड्स ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह किया है। होमगार्ड्स की समस्याओं का शीघ्रता से निस्तारण किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि होमगार्ड्स और पुलिस का रिश्ता चोली-दामन जैसा होता है। होमगार्ड्स जब ड्यूटी पर तैनात होते हैं तो उन्हें पुलिस की सारी शक्तियां प्राप्त होती हैं। जनपद के कई होमगार्ड्स ने संकट के समय अच्छा काम करके विभाग का नाम रोशन किया है। ट्रैफिक व्यवस्था और शांति व्यवस्था जैसी ड्यूटियों में होमगार्ड्स ने अपने दायित्व का निर्वहन भली-भांति किया है।
जिला कमांडेंट धीरेंद्र सिंह ने होमगार्ड्स की स्थापना के संबंध में विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि होमगार्ड्स संगठन का उदय भारत-चीन युद्ध के उपरांत 6 दिसंबर 1963 को हुआ था। संगठन के गठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को किसी भी आपदा के समय बचाव हेतु प्रशिक्षण देना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में ललितपुर में 650 होमगार्ड्स निर्वाचन ड्यूटी को सकुशल संपन्न कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देकर पुलिस को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के बाद होमगार्ड्स द्वारा राजकीय इंटर कालेज के आसपास श्रमदान कार्य किया गया और जिला होमगार्ड्स कमांडेंट द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस मौके पर जिला सूचना अधिकारी चंद्रचूड़ दुबे, होमगार्ड विभाग के बीओ तथा कमांडर सर्वेश कुमार, तुलसीराम कुशवाहा, अच्छे लाल, संजीव कुमार, रोशन लाल, विजय सिंह, सीताराम, राजेंद्र कुमार कौशिक, रामबाबू तिवारी, दयाराम साहू उपस्थित रहे।