ललितपुर। जल संस्थान नगरवासियों को पीने का पानी उपलब्ध कराने में नाकाम होता दिखाई दे रहा है। तीसरे दिन भी अपर व लोअर जोन की जलापूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। इस कारण विभिन्न मुहल्लों में पेयजल के लिए हाहाकार मचा रहा। वसुंधरा कालोनी के लोगों ने डीएम कार्यालय में खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया।
नगर में जलापूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। अपर जोन में मुहल्ला नेहरू नगर, गांधीनगर व नई बस्ती में जलापूर्ति बाधित रही। वहीं, लोअर जोन का बुरा हाल रहा। कुछ मुहल्लों के निचले इलाकों में पांच से दस मिनट की जलापूर्ति हो सकी, जबकि ऊपरी इलाकों में रहने वाले लोग पेयजल के लिए परेशान रहे। पेयजल की आपूर्ति सुचारू नहीं होने से लोगों को हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ा। वार्ड नंबर आठ चांदमारी वसुंधरा कालोनी में एक सैकड़ा परिवारों के घरों में तीन दिन से पानी के लिए परेशान हैं। रविवार को उन्होंने खाली बर्तन लेकर डीएम व जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन किया। रोहित रावत का कहना है कि वसुंधरा कालोनी में न तो पाइप लाइन है और न ही निजी बोरिंग सफल है। ऐसे में लोगों को जल संस्थान के टैंकर की जलापूर्ति पर निर्भर रहना पड़ता है। दो दिनों से टैंकर भी नहीं आया है। विभागीय अफसरों से शिकायत करते हैं तो इस समस्या का निदान नहीं किया जाता है। प्रदर्शन करने वालों में अंकुर रावत, रामू दीक्षित, उदय राजा, रामदयाल, मनमोहन, राहुल परमार, जगदीश पाल, मोनू शुक्ला, रामस्वरूपआदि शामिल रहे।