ललितपुर। जिला कारागार में पत्नी हत्या में आजीवन सजा काट रहे थाना जाखलौन के ग्राम भारौन निवासी एक कैदी की रविवार की सुबह अचानक हालत बिगड़ गई, जिस पर उसे जिला अस्पताल उपचार को ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना जाखलौन के गाम भारौन निवासी जयहेंद्र (41) पुत्र भगवत यादव ने दस वर्ष पूर्व 22 नवंबर की रात में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी, जिसके मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वह घटना के समय से ही जिला कारागार में निरुद्ध चल रहा था। रविवार को सुबह उसने जिला कारागार में हर रोज की तरह नियमित रूप से नाश्ता किया और नहाया। इसके बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे उसे अचानक से सीने में हल्का सा दर्द हुआ, जिस पर जेल में चिकित्सा स्टाफ द्वारा उसका उपचार भी किया गया, लेकिन हालत अधिक गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसे परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन को इसकी सूचना मिलने पर थाना जाखलौन के माध्यम से मृतक कैदी के परिजनों को सूचना दी गई। वहीं जिला अस्पताल से मेमो मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कैदी को सीने में दर्द हुआ था और उसकी संभवत: हार्टअटैक से मौत हुई है। उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
-यूपी मिश्रा, जेल अधीक्षक, ललितपुर।