ललितपुर। वैश्विक महामारी कोवडि-19 के दौरान मनरेगा मजदूरों के रोजगार की क्या स्थिति है, इसकी जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 जून को मनरेगा के अंतर्गत मड़ावरा ब्लाक के ग्राम नीमखेरा में बन रहे कुआं के लाभार्थी से वीडियो लिंक व वेबकास्ट के जरिए दो मिनट के लिए बातचीत करेंगे।
लॉकडाउन में हजारों लोग बेरोजगार हो गए हैं। बाहर काम कर रहे प्रवासी मजदूर वापस अपने गांव लौट आए हैं। जिले में 13,425 प्रवासी श्रमिक लौटे हैं। इनको मनरेगा के अंतर्गत काम दिया जा रहा है। इस काम की हकीकत जानने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनरेगा मजदूरों से बातचीत करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री 26 जून को मजदूर से बात करेंगे।
इससे पहले सुबह 11 बजे से मुख्यमंत्री स्वागत भाषण देंगे। दस मिनट भाषण के बाद पांच मिनट की वीडियो फिल्म दिखाई जाएगी। इसके बाद सिरसा नदप्ती फिरोजाबाद कार्यस्थल से जिलाधिकारी व वापस लौटे कामगार से प्रधानमंत्री वार्ता करेंगे। 11.20 बजे गोंडा स्वयं सहायता समूह के सदस्यों से प्रधानमंत्री की वार्ता होगी। 11.25 से 11.27 बजे तक ललितपुर के मड़ावरा ब्लाक के ग्राम नीमखेरा में मनरेगा के अंतर्गत बन रहे कुआं के संबंध में लाभार्थी से बातचीत करेंगे। इसके बाद नोएडा में निर्जी निर्माण स्थल पर काम कर रहे किसी मजदूर, वाराणसी में बिस्कुट कारखाना में लगे वापस आए कामगार और ऋण प्राप्त करने के बाद एक स्वरोजगारी उद्यमी से वार्ता करेंगे। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के एक लाभार्थी से वार्ता करेंगे। इसके बाद ऋण वितरण करेंगे। 11.40 से 12 बजे तक प्रधानमंत्री का संबोधन होगा।
-------
प्रधानमंत्री से वीडियो लिंक व वेबकास्ट से जुड़ेंगे प्रतिनिधि
प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, दो ऐसे लाभार्थी जिन्हें टूल किट का लाभ दिया जा रहा हो, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम विकास विभाग एवं ग्राम पंचायत विभाग के ग्राम स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी प्रधानमंत्री से जुड़ेंगे।
-------------
98 हजार मनेगा मजदूर काम करेंगे
22 जून तक जिले में 79,942 मनरेगा श्रमिक काम कर रहे हैं, लेकिन 26 जून तक बढ़ाकर 98,136 मजदूरों को काम पर लगाना है। ब्लाक बार में 9553 से बढ़ाकर 14030 मजदूर, बिरधा में 13513 से बढ़ाकर 16304 मजदूर, जखौरा ब्लाक में 16198 से बढ़ाकर 18339 मजदूर, मड़ावरा में 14448 से बढ़ाकर 17293 मजदूर, महरौनी ब्लाक में 14933 से बढ़ाकर 17085 मजदूर और तालबेहट में 11297 से बढ़ाकर 15085 मजदूरों को काम पर लगाना है।
----------
प्रधानमंत्री के संबोधन की तैयारियां की जा रही हैं। मड़ावरा ब्लाक के ग्राम नीमखेरा में मनरेगा के अंतर्गत बन रहे कुआं में 15 मजदूर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री दो मिनट के लिए बातचीत करेंगे।
- इंद्रमणि त्रिपाठी, उपायुक्त श्रम व रोजगार