संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने एक ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया। बताया कि ब्लॉक तालबेहट अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय में तैनात डरूराम विश्वकर्मा शिक्षामित्र के पद पर 20 वर्षों से तैनात है। कुछ दिन पूर्व उनके पुत्र की आंख खराब हो गई थी। वह उसका इलाज कराने दिल्ली गए थे और विद्यालय नहीं पहुंच सके व अनुपस्थित हो गए। इस बीच एक शिक्षिका जोकि झांसी से प्रतिदिन आती-जाती है, ने रंजिशन प्रपंच रचा। शिक्षिका ने बच्चों के दिमाग में भरा कि पिछले दिनों शिक्षक ने उन्हें छुआ था वह बैड टच था।
ज्ञापन में बताया कि डरूराम 20 वर्षों से उक्त विद्यालय में पढ़ा रहे हैं। न तो उन्होंने किसी से कुछ कहा और न किसी को बुरी नीयत से छुआ। ज्ञापन में बताया कि सबकुछ शिक्षिका का रचा ड्रामा है। गुड टच बैड टच के नाम पर बरगला रही है और माहौल खराब कर रही है। प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने उक्त शिक्षिका को निलंबित करने की मांग की। साथ ही शिक्षामित्र को अपनी सफाई पेश करने और बचाव का अवसर देने की मांग की। ज्ञापन पर मंडल अध्यक्ष नंदराम यादव, दयाराम विश्वकर्मा, रामसिंह, काशीराम सेन, भानसिंह रक्षपाल सिंह आदि के हस्ताक्षर बने हैं।