ललितपुर। जिले में बिजली प्लांट सहित औद्योगिक इकाइयां की संख्या में बढ़ोत्तरी होने के बाद भी रोजगार के हालात नहीं बदले हैं। रोजगार की कमी से पीआरडी जवान भी जूझ रहे हैं। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि 550 के मुकाबले केवल 125 पीआरडी जवानों को ही ड्यूटी मिल पा रही है। अवशेष काम के अभाव में घर बैठने को विवश हैं।
प्रदेश के अंतिम छोर के जिले में कई विकास कार्य हुए हैं, जिसमें 1980 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट एवं दस-दस मेगावाट के तीन सोलर ऊर्जा प्लांट शामिल हैं। जब इन प्लांटों की स्थापना हुई तो जिले के बेरोजगार युवक- युवतियों को उम्मीद की किरण दिखाई देने लगी। थर्मल प्लांट की तीन यूनिटें चालू हो गई। इसी तरह सौर ऊर्जा की भी तीनों यूनिटें काम कर रही हैं। इसके बाद भी स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार हाथ नहीं लग सका है। पीआरडी जवानों को चीराहार स्थित सौर ऊर्जा प्लांट में ही काम मिल सका है जबकि महरौनीखुर्द के सोलर प्लांट एवं थर्मल प्लांट ने एक भी पीआरडी जवान को ड्यूटी पर नहीं लगाया है। इस स्थिति में पीआरडी जवान मायूस होकर घर बैठ गए हैं।
जिले में 550 पीआरडी जवान युवा कल्याण विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें से करीब दो सैकड़ा पीआरडी जवानों ने खेती या अन्य कारोबार को रोजगार का जरिया बना लिया है। बीते माहों में 330 पीआरडी जवानों ने ड्यूटी पर लगाने के लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार से संपर्क साधा था, जिनमें से 125 जवानों को ही विभिन्न विभागों की मांग के आधार पर ड्यूटी पर रखा गया। वर्तमान में 215 जवान अभी भी ड्यूटी मिलने की आस में कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। यहां उन्हें हर बार न ही जवाब में मिल रहा है।
हालात बद से बदतर
जिले में पीआरडी जवानों की हालात बद से बदतर है। साल भर में लगभग हर पीआरडी जवान को बेरोजगारी के दौर से गुजरना पड़ता है। कारण, पीआरडी जवानों को कुछ ही महीने के लिए रखा जाता है। इस तरह पीआरडी जवानों के सामने हर समय रोजगार की समस्या बनी रहती है।
थर्मल प्लांट से हो सकता निदान
अगर थर्मल प्लांट पीआरडी जवानों को सुरक्षा के लिए लगाने लगे तो शायद ही पीआरडी जवान बेरोजगार रहें। इस समय गल्ला मंडी, उत्तर प्रदेश राज्य भंडार निगम, दूरसंचार निगम, एग्रो, सोलर प्लांट में ही पीआरडी जवानों को ड्यूटी दी गई है।
पीआरडी जवानों की ड्यूटी विभागों से मांग के आधार पर लगाई जाती है। जिन कार्यालयों व प्लांटों ने मांग नहीं की है, उनसे संपर्क साधकर जवानों को ड्यूटी प्रदान की जाएगी।
ब्रजेंद्र कुमार
जिला युवा कल्याण अधिकारी ललितपुर।