ललितपुर के पूराकलां थाना क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत की महिला प्रधान के पति ने रविवार रात को जहर खा लिया। इसका लाइव वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। उसने बेटे और भाई पर छेड़छाड़ और दलित उत्पीड़न के मुकदमे में झूठा फंसाकर उत्पीड़न का करने आरोप लगाया। जहर खाने से हालत बिगड़ने पर प्रधानपति को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं सोमवार को एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं।
एक गांव निवासी प्रधानपति रामकिशन यादव के बेटे और भाई पर एक अनुसूचित जाति की किशोरी ने 11 सितंबर को छेड़छाड़ कर अश्लील हरकतें करने एवं गाली गलौज कर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाय था। मामले में रविवार की शाम को रिपोर्ट दर्ज की गई। इस मामले में नाबालिग द्वारा पहले भी थाने में शिकायती पत्र दिया गया था, जिसकी जांच सीओ तालबेहट कर रहे थे।
इसकी जानकारी लगने पर प्रधानपति ने डीएम व एसपी को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी, लेकिन रविवार की रात को जब रिपोर्ट दर्ज हो गई तो इससे परेशान होकर प्रधानपति ने खेत में बैठकर वीडियो बनाते हुए जहर की शीशी चाकू से काटने के बाद एक प्लास्टिक के ग्लास में जहर भरकर पी लिया।
इसके बाद परिजन उसे सीएचसी तालबेहट लेकर आए। जहां उसका उपचार किया गया। जहां से गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया। अब प्रधानपति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना पूूराकलां पुलिस के अलावा सीओ तालबेहट एवं पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी की। मामले में एसपी ने सीओ तालबेहट को प्रधानपति के बेटे व भाई पर लिखाई गई रिपोर्ट एवं प्रधानपति के जहर खाने के मामले में निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम प्रधान संगठन ने इस संबंध में अपर पुलिस को ज्ञापन सौंप कर प्रधान पुत्र एवं एक अन्य परिजन पर दर्ज मामले की जांच कराने की मांग की।
वीडियो में कहा- जांच होगी मरने के बाद
वायरल वीडियो में ग्राम प्रधानपति रामकिशन कह रहा है कि गांव के कुछ लोगों ने उसके पुत्र और भाई पर छेड़छाड़ का झूठा मामला दर्ज कराया है। जिसमें पुलिस और प्रशासन उसकी बात नहीं सुन रहा है, जिसके चलते वह जहर का सेवन कर रहा है। वह पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहता है कि पुलिस भी जांच नहीं कर पाई। जांच होगी उसके मरने के बाद। वीडियो वायरल होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।
थाना पूराकलां अंतर्गत एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने वायरल वीडियो में विषाक्त पदार्थ खाने की बात कही है। इस मामले में एक नाबालिग लड़की द्वारा दो व्यक्तियों के खिलाफ छेड़खानी के आरोप में शिकायती पत्र दिया था, इस मामले में सीओ तालबेहट द्वारा जांच की गई। इसके उपरांत मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें एक व्यक्ति रामकिशन का बेटा है।
इससे झुब्ध होकर रामकिशन ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जिस पर उसे तालबेहट सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटनास्थल का निरीक्षण करके दोनों प्रकरणों की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। - गोपाल कृष्ण चौधरी एसपी ललितपुर
यह है छेड़छाड़ का मामला
थाना पूराकलां अंतर्गत एक गांव में निवास करने वाली पीड़िता पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि ग्यारह सितंबर को शाम चार बजे के लगभग अपनी बिजली की डोरी गांव के ट्रांसफार्मर पर लगाने गई थी। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसकी साथ गाली गलौज करते हुए उसे अपमानित किया। जब उसने गाली देने से मना किया तो वह उसका हाथ पकड़ कर उसके साथ अश्लीलता करने लगे। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। जिस पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन यादव और श्रीराम के खिलाफ दलित उत्पीड़न, छेड़छाड सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना सीओ तालबेहट को सौंप दी।