तालबेहट। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कराने लाते समय उपयोग में लाई गई पीपीई किट निर्धारित स्थान पर न डाल कर उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर फेंक दिया गया है। वह उड़कर किसानों के खेतों के पास पहुंच गईं हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविड एल- वन और राजकीय पॉलिटेक्निक में अतिरिक्त कोविड अस्पताल बनाया गया है। यहां जनपद के विभिन्न स्थानों से मरीजों को लाकर भर्ती कराया जाता है। कुछ एंबुलेंस चालक और परिचालक अपनी पीपीई किट निष्प्रोज्य स्थान पर न डाल कर उसे समीप ही फेंक देते हैं। जो हवा के साथ उड़ कर आसपास के किसानों के खेतों या सड़क पर पहुंच गईं हैं। इन्हें देखकर किसान सहम उठे हैं। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कर्मचारियों की इस तरह की जा रही लापरवाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।