ग्राम नोहर कला में पकड़ा गया मगरमच्छ
- फोटो : LALITPUR
जखौरा। थाना जखौरा के अंतर्गत ग्राम नौहरकलां में पंटा मोहल्ले में एक मगरमच्छ घुस जाने से ग्रामीणों भयभीत हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़कर बेतवा नदी में छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्राम नौहरकलां निवासी सुखराम वंशकार के मकान की तरफ एक मगरमच्छ रात में जाता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव में मगरमच्छ आने की खबर फैलने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए और उन्होंने किसी तरह साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को घर से बाहर खदेड़ दिया। लेकिन, मगरमच्छ सड़क किनारे लगी बारी में घुस गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी देर रात पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना पाकर बुधवार की सुबह पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण रात भर पहरा देकर उसकी निगरानी करते रहे। वन कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया ओर ग्राम धुरवारा के पास बेतवा नदी में उसको छोड़ दिया। बेतवा नदी का किनारा होने के कारण यहां पर अक्सर मगरमच्छ आ जाते हैं।