तालबेहट (ललितपुर)। एक सप्ताह से पूराकलां क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप रहने से वहां के ग्रामीणों को भारी परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम नेहा प्रकाश को एक ज्ञापन देकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने की गुहार लगाई है।
एसडीएम को दिए अपने ज्ञापन में ग्रामीणाें ने अवगत कराया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की लचरता के चलते पूरे क्षेत्र में एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे विद्युत पर आधारित उद्योग संचालकों को काफी बुरा हाल है। विद्युत न आने से उन्हें आर्थिक रूप से नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की लचर विद्युत व्यवस्था के बारे में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया, परन्तु किसी ने उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया। उनका आरोप था कि विभागीय कर्मचारी जानबूझ कर इस क्षेत्र के लोगों को परेशान कर रहे हैं। ज्ञापन पर गौरव भौड़लें, रामनरेश बिदुआ, जगदीश साहू, गजेंद्र सिंह, अरविंद मिश्रा, सोनू बुंदेला, राजा, रमेश साहू, राहुल केवट, हरीराम साहू के हस्ताक्षर थे।