ललितपुर (ब्यूरो)। नगर पालिका ने पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने करीब 50 किग्रा पॉलिथीन जब्त की। साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
सोमवार को नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका की टीम ने घंटाघर मार्केट, ललित टाकीज क्षेत्र, नझाई बाजार आदि क्षेत्र में पॉलिथीन जब्त करने का अभियान चलाया। मार्केट में लगभग प्रत्येक दुकानदार के पास पॉलिथीन मिली। जगह- जगह चलाए गए अभियान के दौरान करीब 50 किलो पॉलिथीन जब्त की गई। साथ ही दुकानदारों को दोबारा पॉलिथीन पकड़े जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। टीम में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आर के लवानियां, दिनेश कुमार बिरौनिया, योजना प्रभारी दीपेंद्र कुमार, संजय वाल्मीकि आदि उपस्थित रहे।
वहीं, स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. प्रताप सिंह, एसपी श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।