देर रात तक पहुंचती रहीं पोलिंग पार्टियां
- फोटो : demo
आज होने वाले मतदान के लिए बुधवार को देर रात तक पोलिंग पार्टियां मतदान केन्द्र तक पहुंचती रही। वहीं अधिकारी इनके मतदान केन्द्र तक पहुंचने की जानकारी लेते रहे।
चौथे चरण में आज होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान में ललितपुर विधान सभा के लगभग चार लाख पैंतीस हजार मतदाताओं में से लगभग दो लाख चार हजार मतदाता तालबेहट क्षेत्र के है। इन मतदाताओं के वोट डालने के लिए पूरे क्षेत्र में 220 मतदान केंद्र बनाए गए है। जिसमें 15 मतदान केन्द्र संवेदनशील है तथा बिजरौठा के मजरा बौलारी, खादी का गनेशपुरा और सुनौरी मतदान केन्द्र अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिनके लिए प्रशासन द्वारा अलग से पुख्ता इंतजाम किए गए है। तालबेहट नगर में 10131 मतदाताओं को वोट डालने के छह स्थानों पर मतदान केंद्र बनाए गए है। जिसमें मर्दन सिंह इंटर कालेज, रानीपुरा प्राइमरी पाठशाला, डीसी रोड, कन्या प्राइमरी, प्राइमरी पाठशाला बड़ा बाजार तथा राजकीय बालिका इंटर कालेज है। सायंकाल से ही उपजिलाधिकारी हरीओम शर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंअर बहादुर सिंह, तहसीलदार प्रीति जैन एवं प्रभारी निरीक्षक ने अलग अलग स्थानों पर जाकर पोलिंग पार्टियों की जानकारी ली।