पत्नी की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने आरोप में दर्ज है रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कस्बा मड़ावरा में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर युवक की आत्महत्या के मामले में दर्ज मुकदमे की पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने कस्बे के लोगों से घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई।
कस्बा मड़ावरा निवासी 40 वर्षीय गोविंद रैकवार की मंगलवार सुबह विषाक्त पदार्थ का सेवन करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी ऊषा ने कस्बे के ही संजय जैन, मंजू जैन, प्रदीप जैन और संजू रैकवार पर खेत पर जबरन कब्जा करने, परेशान करने और धमकाने का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार रात जब शव कस्बे में पहुंचा तो परिजनों और अन्य आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार किया गया।
बुधवार को पुलिस ने दर्ज मुकदमे की शुरुआती जांच शुरू कर दी। पुलिस आत्महत्या के कारणों और इसके पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक स्वयं इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने जांच अधिकारी को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं।