संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की घटना का बालाबेहट पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से चोरी किए गए करीब 2.80 लाख रुपये कीमत के जेवरात व नकदी बरामद की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
कस्बा बालाबेहट निवासी राज प्रताप ने 13 मई को पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें बताया था कि 10 मई की रात को अज्ञात चोरों ने उसके घर के अंदर घुसकर अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे गहने और 19,940 रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो चोरी करने वाले का नाम अंशुल विश्वकर्मा निवासी कस्बा बालाबेहट का नाम प्रकाश में आया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी किया गया शत प्रतिशत माल बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
-
घर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी किया गया करीब 2.80 लाख रुपये का शत प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अजय कुमार, सीओ पाली