संवाद न्यूज एजेंसी
पाली/ललितपुर। हाईवे-44 पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम सिंगेपुर, महरौनी निवासी अमीतिनी (5) मोंगिया समुदाय से थी। परिजनों के अनुसार उनका परिवार इन दिनों थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम बंगरिया में हाईवे किनारे खाली मैदान में डेरा डालकर रह रहा है। शनिवार सुबह करीब आठ बजे अमीतिनी हाईवे के दूसरी ओर स्थित दुकान से सामान खरीदने गई थी। सामान लेकर लौटते समय वह हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान ललितपुर से सागर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची को आनन-फानन बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका पांच बहनों और एक भाई में तीसरे नंबर की थी। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष नाराहट दयाशंकर सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल बालिका की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।