ललितपुर। दीपावली पर इस बार थाने व चौकियों को मिट्टी के दीयों से रोशन किया जाएगा। इसके लिए एसपी और थानेदार खुद बाजारों में जाकर कुम्हारों से मिट्टी के दीयों की खरीदारी करेंगे। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि सभी थानों के एसओ को निर्देशित किया गया है। पुलिस लाइन में भी सभी कर्मचारी दीयों से ही दीपावली का पर्व मनाएंगे। इनमें सबसे अच्छी से सजाई जाने वाली पुलिस चौकी व थानों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने इस बार भी पुलिस थानों और चौकियों को दीयों से सजाने की योजना तैयार की है। उन्होंने सभी थानों को निर्देशित किया है कि कुम्हारों से बने दीयों से ही दीपावली की रात को थाने व चौकियों को रोशन किया जाये और थाना या चौकी परिसर को रंगोली से सजाया जाएगा। बेहतरीन सजाये गए थानों या चौकियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने जनपद वासियों से भी कुम्हारों द्वारा बनाये गये मिट्टी के देसी दीयों को खरीदकर उनसे ही दीपावली पर अपने-अपने घर रोशन करने की अपील की है।