संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यहां 17 व 18 फरवरी को होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा देने आ रहे परीक्षार्थियों को बसों की कमी नहीं होगी। सहायक संभागीय अधिकारी ने बताया कि 139 निजी बसें हैं, जो मुख्यालय से परीक्षा केंद्रों तक चलाई जाएंगी। बस स्टैंड पर निर्धारित सवारियां होते ही बसों को सीधा परीक्षा केंद्र के लिए रवाना कराया जाएगा, जिससे परीक्षार्थी समय से पहुंच सकें।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए यहां 14 केंद्र बनाए गए हैं, इसमें 28126 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ललितपुर शहर में नौ व महरौनी कस्बा में दो और तालबेहट, जखलौन, जखौरा में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षार्थियों को आवाजाही में समस्या न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने पर्याप्त मात्रा में बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। जरूरत के अनुसार मुख्यालय स्थित बस स्टैंड से बसें चलाई जाएंगी। इसकी निगरानी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी करेंगे।
-
इन स्थानों पर बने परीक्षा केंद्र
स्थान - संख्या
ललितपुर - 09
महरौनी - 02
तालबेहट - 01
जाखलौन - 01
जखौरा - 01
कुल - 14
-
परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचाने के लिए बसों का पर्याप्त मात्रा में संचालन किया जाएगा। मुख्यालय से बसें सीधे परीक्षा केंद्र के कस्बा स्थित स्टैंड तक चलाई जाएंगी।
- अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी, वित्त एवं राजस्व
-
17 व 18 फरवरी को जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड से महरौनी, जखौरा व तालबेहट के लिए परीक्षार्थियों की आवश्यकता अनुसार बसों का संचालन कराया जाएगा। परीक्षार्थियों को बसों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
- मो. कय्यूम खांन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी