सीओ सदर के नेतृत्व में पुलिस ने की कार्रवाई, कोतवाली सदर के पनारी रोड पर संचालित है स्पा सेंटर
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। कोतवाली सदर क्षेत्र के ग्राम पनारी के पास संचालित एक स्पा सेंटर पर मंगलवार की रात पुलिस की टीम ने छापे की कार्रवाई की। पुलिस ने स्पा सेंटर का कोना-कोना तलाशा लेकिन कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
पिछले काफी दिनों से कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम पनारी के पास स्थित एक स्पा सेंटर में गलत गतिविधियां होने की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। इसे संज्ञान में लेकर मंगलवार की रात क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी और महिला थानाध्यक्ष अनीता देवी की टीम ने पुलिस फोर्स के साथ यहां पर छापा मारा। जांच के दौरान ऑयल क्रीम या अन्य सामग्री नहीं मिली।
अलग-अलग कमरों में पलंग और गद्दे लगे हुए मिले जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। बताया गया कि सेंटर पर संचालक के अलावा दो लड़की मिली, जिन्हें संचालक ने अपना स्टाफ बताया। सेंटर पर रिकार्ड रजिस्टर पर सही एंट्री नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने रिकार्ड सही करने के निर्देश दिए। करीब एक घंटे तक जांच के बाद पुलिस टीम लौट आई। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापे की कार्रवाई की। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। फिर भी इस सेंटर पर निगरानी रखी जाएगी।