संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युगल हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पुलिस अधिकारी गांव में डेरा डाले हुए हैं। जांच में मिले अहम सुरागों के चलते पुलिस घटना का खुलासा करने के करीब पहुंच गई है।
थाना जखौरा के ग्राम विघा राजपुर में प्रेमी युगल मिथुन कुशवाहा और कामिनी साहू की 31 दिसंबर की रात गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। कामिनी का शव घर के पीछे खेत में पड़ा मिला था। उसके गले में रस्सी से कसने का निशान था। जबकि, मिथुन का शव करीब आधा किलोमीटर दूर नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला था। उसके हाथ पीछे की ओर मफलर से बंधे थे।
जखौरा पुलिस ने मृतक मिथुन के भाई मनीष की तहरीर पर लड़की के परिजन के विरुद्ध शक के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने सीओ सदर अभय नारायण राय के नेतृत्व में आधा दर्जन टीमों का गठन किया था। एसपी और अन्य टीमों ने गांव में डेरा जमाया है। शुक्रवार को टीमों ने हर एक पहलू पर जांच पड़ताल की। संदिग्धों से पूछताछ सहित घटना स्थल का बार-बार निरीक्षण कर सुराग खोजे गए।
सर्विलांस टीम संदिग्धों की लोकेशन सहित अन्य जानकारी एकत्रित करते हुए हत्यारोपियों को चिह्नित करने में लगी है। जांच में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वह हत्यारोपियों के करीब पहुंच गए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कत्ल का खुलासा किया जाएगा।
-
योजना बनाकर हत्या करने की आशंका : घटना का खुलासा करने के लिए जुटी पुलिस टीमों ने जब घटनास्थल का निरीक्षण और प्रारंभिक जांच पड़ताल की तो सामने आया कि प्रेमी युगल को पूरी योजना बनाकर मौत के घाट उतारा गया था। अब पुलिस यह पता करने में जुटी है कि योजना किसने बनाई और अंजाम किसने दिया। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही इस गुत्थी को सुलझा लेगी।
-
रडार पर आए 30 से अधिक लोगों से पूछताछ : पुलिस टीमों की जांच में तीस से अधिक लोग रडार पर आए। इन संदिग्धों से पुलिस ने एक-एक कर पूछताछ की। केस से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी लगी। सूत्रों के अनुसार इस घटना को लेकर कुछ चौंकाने वाले खुलासे होंगे। पुलिस इस घटना को फिल्म दृष्यम की तर्ज पर कड़ियां जोड़कर जांच आगे बढ़ाने में लगी है।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक