तालबेहट (ललितपुर)। शुक्रवार की रात पुलिस क्षेत्राधिकारी हरीकांत द्विवेदी ने राजमार्ग पर नंदनवारा के पास स्थित एक ढाबा पर छापामार कर अवैध रूप से रखी देशी शराब के लगभग एक सैकड़ा क्वार्टर पकडे़। बाद में बांसी पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराआें में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी को सूचना मिली की राजमार्ग पर स्थित ढाबा पर अवैध रूप से शराब बिक रही है। जिस पर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बांसी चौकी पुलिस के साथ मिलकर ढाबे पर छापा मार कर लगभग एक सैकड़ा अवैध शराब के क्वार्टर पकडे़। इसके बाद मौके पर मौजूद ढाबा संचालक ने पहले तो पुलिस पर अपना रौब दिखाकर मामले को रफा दफा कराने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उसकी बात नहीं मानी तो वह पुलिस से विवाद करने पर आमादा हो गया।
इसके बाद मौके पर थानाध्यक्ष जखौरा हाकिम सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचें। मौके पर भारी पुलिस बल देखकर आरोपी ढीला पड़ गया। बाद में बांसी चौकी प्रभारी वीरेन्द्र स्वरूप ने आरोपी राजू यादव पुत्र त्रिलोक सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया।
बाइक की टक्कर से युवती चुटहिल
तालबेहट (ललितपुर)। पंजाब बैंक के सामने रहने वाले हन्नू साहू की पत्नी प्रभा उम्र (40 वर्ष) एक बाइक की टक्कर से चुटहिल हो गई। समाचार लिखे जाने तक उनका सीएचसी में उपचार चल रहा था।