शराब भट्ठी के पास ग्रामीण का अधजला शव मिलने का मामला : कोतवाली सदर के ग्राम घटवार में 11 सितंबर की सुबह अवैध शराब भट्ठी के पास मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अवैध शराब भट्ठी के पास मिले ग्रामीण के अधजले शव मामले में दर्ज हत्या के केस में कोतवाली पुलिस ने दो वांछित आरोपियों नथूराम, बलराम निवासी ग्राम घटवार को गिरफ्तार करने में शुक्रवार को सफलता पाई। अारोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया।
11 सितंबर को कोतवाली सदर अंतर्गत ग्राम घटवार निवासी प्रीतम रजक (50) का अधजला हुआ शव गांव के बाहर कबूतरा डेरा के पास अवैध शराब भट्ठी के पास पड़ा मिला था। मृतक के पुत्र अरविंद रजक ने रणवीर कबूतरा निवासी ग्राम घटवार, गोपाल, नत्थू, बलराम उर्फ कलू निवासी ग्राम घटवार पर अवैध शराब की भट्ठी लगाकर शराब बनाने से रोकने पर शराब भट्ठी में फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। जिसमें पूर्व में दो आराेपी रणवीर व गोपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष वांछित दो आरोपी नत्थू उर्फ नथुवा उर्फ नथूराम, बलराम निवासी ग्राम घटवार को गिरफ्तार करने में पुलिस टीमें जुटी हुई थी। शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों वांछितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना-कोतवाली में अवैध शराब के मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, निरीक्षक हरिनाथ सिंह, सिपाही विकास, दीपेंद्र और विवेक राठौर शामिल रहे।