- पार्क संचालन से लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों को मिलेगा बढ़ावा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शासन ने निजी भूमि पर औद्योगिक आस्थान विकसित करने के लिए प्लेज पार्क योजना को प्रारंभ किया है, इसमें भू-स्वामी को औद्योगिक आस्थान विकसित करने के तीन साल तक ब्याज मुक्त धनराशि दी जाती है। इसके लिए कम से कम दस एकड़ भूमि होना आवश्यक है। जिले में 50 एकड़ भूमि पर प्लेज पार्क विकसित करने का प्रस्ताव आ गया है।
प्रदेश में लघु और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए शासन प्लेज पार्क योजना का संचालन कर रही है। इस योजना के तहत जो भू-स्वामी अपनी भूमि पर औद्योगिक आस्थान विकसित करना चाहते हैं, उन्हें एक एकड़ भूमि पर पचास लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जाएगा। यह ऋण तीन साल तक के लिए होगा, इसके बाद बैंक इस पर न्यूनतम ब्याज लाएगा। इस योजना के तहत कम से कम दस एकड़ भूमि होना आवश्यक है। जिले में इस योजना के तहत शहर की सीमा से सटे ग्रामीण इलाके में 50 एकड़ भूमि पर प्लेज पार्क विकसित करने का प्रस्ताव आया है। इस प्रस्ताव पर उद्योग विभाग ने विभागीय कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
भू-स्वामी अपनी शर्तों पर दे सकता है औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि
प्लेज पार्क योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए उनकी सुविधा अनुसार भूमि उद्यमियों को दी जा सकती है। इस योजना के तहत भू-स्वामी अपनी शर्तों पर भूमि का आवंटन कर सकता है। वह उद्यमियों को भूमि बेच भी सकता है। साथ ही किराए पर दे सकता है।
ये है प्लेज
प्लेज उप्र सरकार की एक योजना है, जिसका पूरा नाम ‘प्रमोटिंग लीडरशिप ऑफ ग्रोथ इंजन’ है। इस योजना के तहत निजी निवेशक 10 से 50 एकड़ तक की अपनी भूमि पर औद्योगिक पार्क विकसित कर सकते हैं।
000000000000000000
जिले में प्लेज पार्क के लिए 50 एकड़ भूमि का प्रस्ताव आया है। यह प्रदेश का सबसे बड़ा प्लेज पार्क का प्रस्ताव है। इसके प्रारंभ होने से जिले के लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा।
अतहर जमाल उपायुक्त उद्योग