ललितपुर। किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त 1,85,361 किसानों के खातों में पहुंच गई है। कृषि विभाग के मुताबिक कुल 37.07 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की गई। सदर विधायक ने कृषक हरपा, राजा भइया, राम सिंह, दुर्ग सिंह व शिव सागर यादव को प्रमाणपत्र वितरित किया।
सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में सालाना छह हजार रुपये तीन किस्तों में स्थानांतरित की जाती है। शनिवार को खिरिया मिश्र स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में किसानों ने वाराणसी में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि किसान पशुओं का इलाज केवल पांच रुपये का शुल्क देकर करा सकते हैं। उप कृषि निदेशक यशराज सिंह ने कहा कि जो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा में अपना नामांकन नहीं करा पाए हैं, वे 14 अगस्त तक नामांकन अवश्य करा लें। इस मौके पर किसानों को प्रमाणपत्र एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित किए गए। भाजपा के जिला महामंत्री बब्बू राजा बुंदेला, सांसद प्रतिनिधि अनिल पटैरिया, डॉ. मुकेश चंद्र, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिंह, गिरजेश सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
निधि का करें सदुपयोग : ब्लॉक प्रमुख
मड़ावरा-बार-तालबेहट। ब्लॉक सभागार में किसानों को पीएम के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। ब्लॉक प्रमुख चंद्रदीप रावत ने कहा कि सम्मान निधि का सदुपयोग कृषि कार्यों में करें। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी कृषि अंतिम बिरला, बीटीएम संतोष चौहान, टीएसी मथुराप्रसाद, नंदनी तिवारी, रश्मि निरंजन, संजय दुबे आदि मौजूद रहे। उधर, ब्लॉक बार मुख्यालय के सामुदायिक भवन में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कल्याण सिंह लोधी ने 10 किसानों को प्रमाणपत्र दिए। इस दौरान निशुल्क मिनी किट का वितरण भी किया गया। ब्लॉक तालबेहट में जिलाध्यक्ष भाजपा हरिश्चंद्र रावत, ब्लाॅक प्रमुख विजय सिंह बुंदेला, विकास खंड बिरधा में किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार टोंटे, विकास खंड जखौरा में पूर्व जिलामंत्री भाजपा हरीराम रावत, मंडल अध्यक्ष कृपाल सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
-
बढ़ गए तीन हजार किसान
सम्मान निधि की 19वीं किस्त 1.82 लाख किसानों को 36.40 करोड़ रुपया मिला था। इस बार करीब तीन हजार किसान बढ़ गए हैं, जिससे 67 लाख रुपये अधिक जारी हुआ है।