संवाद न्यूज एजेंसी
महरौनी/सिलावन। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या दो के मंडी मोहल्ला और गौतम नगर के लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। कारण साफ है कि लंबे समय से इन मोहल्लों की पेयजल के लिए लगी पाइपलाइन चोक पड़ी है। शिकायत के बाद भी जल संस्थान ने पाइपलाइन ठीक कराने की जहमत नहीं उठाई। नतीजतन यहां के लोग आसपास निजी बोरिंग से पानी भरने को मजबूर हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र का वार्ड दो गौतम नगर और मंडी रोड का कुछ हिस्सा आता है। मोहल्लेवासी बताते हैं कि इन मोहल्लों में नगर पंचायत ने हैंडपंप लगवाए हैं, लेकिन जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है वैसे-वैसे जलस्तर काफी नीचे खिसक जाता है। इसके चलते वार्ड में पानी की समस्या गहरा जाती है। पेयजल की समस्या को देखते हुए चार वर्ष पहले नगर पंचायत ने पाइपलाइन डालकर पानी आपूर्ति की व्यवस्था करवाई थी। इसके लिए मुक्तिधाम के पास बाकायदा नलकूप खोदवाकर वाटर हाउस तैयार कराया, लेकिन इससे एक दिन ही पानी की आपूर्ति हुई। इसके बाद नलों में पानी नहीं आया। तभी से वाटर हाउस शोपीस बना हुआ है। गर्मी बढ़ने के साथ हैडपंप पानी देना बंद कर देते हैं। ऐसे में पानी के लिए निजी नलकूप पर निर्भर होना पड़ता है। मोहल्लेवासियों का मानना है कि यदि पाइपलाइन को दुरुस्त कर दिया जाए तो पानी की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।