ललितपुर। कोरोना संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला मुख्यालय पर पिक्कू वार्ड की स्थापना के बाद चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी पिक्कू वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें ऑक्सीजन के साथ वेंटीलेटर की सुविधा भी की जाएगी, साथ ही दवाइयों व अन्य जरूरी उपकरणों से लैस रखा जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि संभावित तीसरी लहर में एक वर्ष से लेकर 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे चपेट में आएंगे। ऐसे में शासन ने बच्चों केे बेहतर उपचार को लेकर विभिन्न तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर जिले के तीन अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। बार व महरौनी में 50-50 बेड के कोविड एल-1 अस्पताल बनाए गए हैं। बच्चों को उपचार की सुविधा देने के लिए जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 12 बेड का पिक्कू वार्ड बनकर तैयार हो गया है। अब जनपद के चार ब्लॉक तालबेहट, महरौनी, मड़ावरा और बार में भी दस-दस बेड के पिक्कू वार्ड बनाए जा रहे हैं। इनके निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी गई है। इनमें बेडों पर ऑक्सीजन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। साथ ही वेंटीलेटर की सुविधाओं से लैस होगा। वार्ड में विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी को शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिसके लिए चिकित्सक तैनात किए जाएंगे। अन्य स्टाफ की भी तैनाती की जाएगी। दवाइयां व अन्य उपकरणों से लैस किया जाएगा। भर्ती बच्चों के साथ तीमारदार को भी रहने की व्यवस्था की जाएगी। यह वार्ड जुलाई माह के अंत तक बनकर तैयार हो जाएंगे।
जनपद के चार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दस-दस बेड के पिक्कू वार्ड स्थापित करने की तैयारियां की जा रही है। शीघ्र ही वार्ड बनकर तैयार हो जाएगा।
- डॉ. आरके सोनी, नोडल अधिकारी पिक्कू वार्ड