ललितपुर/जाखलौन। धौर्रा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नल का कनेक्शन तो हो गया, लेकिन टंकी न होने से समस्या बनी हुई है। पंखे भी पुराने होने से हवा नहीं दे रहे। आवासों की मरम्मत न होने से जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं।
पीएचसी पर चिकित्सक व अन्य स्टॉफ नियुक्त हैं, लेकिन संसाधन बदहाल हालत में हैं। खराब पड़े हैंडपंप से पेयजल सुविधा पहले ही ठप थी। बीते माह जल जीवन मिशन से पानी के लिए कनेक्शन मिल गया। इससे पानी की किल्लत दूर हुई, पर नल 24 घंटे नहीं आने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
लाइटें गायब : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रात्रि में प्रकाश की सुविधा के लिए लाइटें लगाई गई हैं। लेकिन, अब महज खंभे ही खड़े हैं। लाइटें गायब हो गई हैं। कुछ में लाइट के फ्रेम तक ही लटके हैं। शाम होते ही परिसर में अंधेरा छा जाता है।
आवास पड़े जीर्ण-शीर्ण : अस्पताल परिसर में चिकित्सक व स्टॉफ के लिए आवास भी बनाए गए हैं। एक आवास खाली पड़ा हुआ है। लंबे समय से बंद पड़े आवास की मरम्मत न होने से जीर्ण-शीर्ण हो गया है। खिड़कियों में कांच तक नहीं है।