संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने मतगणना के लिए कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया। दो पालियों में 208 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाना था, तीन अनुपस्थित कर्मचारियों को शुक्रवार को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।
विकास भवन में प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। दोनों पालियों में 104-104 (कुल 208) कार्मिकों को प्रशिक्षण प्राप्त करना था, जिनमें से 03 कार्मिक दिनेश कुमार सहायक आयुक्त राज्य कर, हितेश कुमार सहायक प्रबंधक केनरा बैंक एवं राजकुमार सफाईकर्मी अनुपस्थित रहे। उन्हें चेतावनी दी गई है कि यदि वह शुक्रवार को भी अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी ने बताया कि 4 जून को अमरपुर स्थित नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सुबह 6ः30 दोनों विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। 226-ललितपुर की मतगणना चबूतरा संख्या-1 और 227-महरौनी की मतगणना चबूतरा संख्या-2 पर होगी। प्रत्येक विधानसभा हेतु 22-22 टेबल लगाई गई हैं, जिसमें 21 टेबल मतगणना हेतु एवं एक टेबल एआरओ के लिए निर्धारित है। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक मतगणना पर्यवेक्षक, एक मतगणना सहायक, एक मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी रहेंगे, जो आरओ/एआरओ के निर्देशन में कार्य करेंगे।
विधानसभा क्षेत्र महरौनी हेतु 518 बूथों की मतगणना 25 राउंड और विधानसभा ललितपुर हेतु 538 बूथों की मतगणना 26 राउंड में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि समस्त कार्मिक चार जून को सुबह छह बजे कृषि उत्पादन मंडी समिति, अमरपुर, ललितपुर पहुंचें। मतगणना हॉल में कोई भी कार्मिक मोबाइल लेकर नहीं जाएगा। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडेय, जिला विकास अधिकारी केएन पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिकेश यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी नीरज सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार बघेल आदि उपस्थित रहे।