ललितपुर। थाना सौजना अंतर्गत ग्राम भौंडी में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने मृत्यु से पूर्व वीडियो बनाया, जिसमें उसने साले और उसकी पत्नी की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर जान देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सौजना अंतर्गत ग्राम भौंडी निवासी विंद्रावन कुशवाहा (24) पुत्र अच्छे लाल सुबह दस बजे घर से बिना किसी को बताए निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। दोपहर करीब तीन बजे रास्ते से निकले राहगीरों से आम के पड़े पर एक शव लटका होने की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे। जहां पर विंद्रावन फांसी पर लटका था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, मृतक की पत्नी रश्मि ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि मेरा मायका थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम लुहर्रा में है। मायके में चचेरे भाई व उसकी पत्नी मेरे पति को प्रताड़ित कर रहे थे, जिससे पति मानसिक रुप से परेशान रहते थे। पति ने उसे जानकारी दी तो पति को समझाया कि परेशान नहीं हो, लेकिन वह बहुत परेशान थे। इसके बाद बिना जानकारी दिए निकल गए और फांसी लगा ली। पत्नी ने आरोप लगाया कि चचेरे भाई व भाभी की प्रताड़ना से परेशान होकर पति ने आत्महत्या की है। पत्नी ने बताया कि पति ने मृत्यु से पूर्व वीडियो बनाया है, जिसमें भाई व उसकी पत्नी की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर आत्महत्या करने की बात बताई है। पीड़िता ने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। मृतक के भाई चंद्रभान ने बताया कि अवैध संबंधों को लेकर ससुरालीजन भाई को प्रताड़ित कर रहे थे।
युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या के मामले में साले और उसकी पत्नी पर प्रताड़ित करने के आरोप का मामला सामने आया है। इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
- श्यामनारायण, क्षेत्राधिकारी महरौनी
युवक ने फांसी लगाकार आत्महत्या करने के मामले में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- राजकुमार, थानाध्यक्ष सौजना