ललितपुर। राजघाट पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम चमरउआ निवासी एक युवक ने शनिवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ग्राम चमरउआ निवासी चाली (19 वर्ष) पुत्र जगदीश राजपूत ने शनिवार की शाम पांच बजे घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन खेत पर काम करने गए हुए थे। देर शाम लौटने पर उन्होंने चाली को फांसी पर लटका पाया। परिजनों ने आनन - फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। राजघाट चौकी इंचार्ज का कहना है कि परिजनों ने महज इतना कहा है कि चाली मानसिक रूप से परेशान चल रहा था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
राजघाट पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम चमरउआ निवासी एक किशोरी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
ग्राम चमरउआ निवासी पूजा (17 वर्ष) पुत्री दुर्जन शनिवार की शाम छह बजे अपने परिजनों के साथ खेत पर गई थी। परिजन कामकाज में जुट गए, जबकि पूजा कुआं के निकट ठहर गई। कुछ देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन पूजा को इलाज के लिए लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव मोरचरी में रखवा दिया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर रविवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। राजघाट पुलिस का कहना है कि किशोरी ने जहर खाकर आत्महत्या की है, लेकिन किन कारणों के चलते उसने यह कदम उठाया? इस सवाल पर परिजन अनभिज्ञता प्रकट कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार जहरीला पदार्थ खाने की वजह से किशोरी की मौत हुई है। युवक की मौत फांसी के कारण हुई है। चिकित्सकों ने जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कराया है।