संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शनिवार रात कई बार ट्रिपिंग से उपभोक्ता परेशान रहे। वार्ड दो के मोहल्ला रैदासपुरा, नदीपुरा और छत्रसालपुरा समेत आदि मोहल्लों में समस्या बनी रही, इससे लोग ठीक से सो तक नहीं सके। अधिकारियों का कहना है कि तार टूट जाने से दिक्कत हुई थी, जिसे ठीक कर आपूर्ति चालू कर दी गई।
कहीं ट्रिपिंग तो कहीं फाल्ट जैसी समस्याएं शुरू हो गई हैं। दिन तो किसी तरह लोग गुजार लेते हैं, लेकिन बिना बिजली के रात काटना मुश्किल हो रहा है। शनिवार रात्रि शहर के दो स्थानों पर लाइन में समस्या होने से कई क्षेत्रों में ट्रिपिंग होती रही। रैदासपुरा के लोगों का कहना है कि कुछ समय के लिए आने के बाद बिजली दो घंटे गायब हो गई। फिर 10 मिनट के लिए आई और तीन घंटे आपूर्ति बाधित हो गई। इसी तरह रातभर आती-जाती रही। नदीपुरा व छत्रसालपुरा का भी हाल बेहाल रहा। यहां पूरी रात बिजली ने उपभोक्ताओं को परेशानी किया।