मड़ावरा। कोरोना वायरस से बचाव के लिए मध्यप्रदेश बार्डर के सभी रास्तों पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है, लेकिन लोग अब भी मध्य प्रदेश के गांवों से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रहे। यहां न तो पुलिस का कोई पहरा है और न ही चौकसी है।
उत्तर प्रदेश के झांसी, मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ और सागर में कोरोना वायरस के मरीज मिलने के बाद ललितपुर जिला प्रशासन अलर्ट है। एमपी. बार्डर पर सख्त पहरा लगा दिया गया है, जिसके चलते लोगों का बॉर्डर से प्रवेश पूरी तरह बंद है। अब लोग आने के लिए कच्चे रास्तों का सहारा ले रहे हैं। थाना गिरार के अंतर्गत उत्तरप्रदेश के गांव खैरपुरा से मध्यप्रदेश टीकमगढ़ जिले के गांव ककरवाहा से लोग कच्चे रास्ते से बेधड़क आ-जा रहे हैं।
मार्ग पर भी कोई चेकपोस्ट नहीं
इस मार्ग पर उप्र. व मप्र. में किसी भी प्रकार का चेकपोस्ट नहीं है। इसी प्रकार थाना गिरार क्षेत्र के उप्र सीमा के गांव रामगढा के गुरैया घाट से मप्र के गुड्इया गांव होते हुए लोगों का आना-जाना हो रहा है। इस मार्ग से लोग मप्र के शाहगढ़ जा रहे हैं। इस मार्ग पर भी कोई चेकपोस्ट नहीं है।
गांवों में सीमा पार से आ रहे लोग
थाना गिरार के धौरीसागर पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले गांव कुर्रट, लखंजर, जैतूपुरा के गांवों में सीमा पार से लोग प्रवेश कर रहें हैं। इसी प्रकार मध्य प्रदेश के धामौनी गांव से थाना मदनपुर क्षेत्र के ग्राम वनगुवां, बारई को जोड़ने वाले कच्चे मार्गों से लोग आ- जा रहे हैं। कच्चे मार्गों के सहारे यूपी-एमपी को आने-जाने वाले लोग ललितपुर जिले के लिए खतरा बन सकते हैं। जिला कोरोना वायरस मुक्त बना रहे, इसके अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। कच्चे रास्तों से प्रवेश मार्ग पर चौकसी बढ़ाये जाने की आवश्यकता है।
जिले की सीमा में पक्के रास्तों के अलावा अन्य स्थानों से लोगों के आने की जानकारी हुई है। मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक