वार्ड नंबर 16 आजादपुरा द्वितीय में खाली प्लॉट और नहर लोगों की परेशानी का सबब बन गई हैं। जगह-जगह खाली प्लॉटों में नाली का गंदा पानी और कचरा जमा हो रहा है तो बांध की नहर का इस्तेमाल नाले के रूप में हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को मलेरिया जैसी बीमारी का शिकार होना पड़ रहा है।
वार्ड नंबर 16 में अधिकांशत: पिछड़ी और सामान्य जाति के लोग रहते हैं। वर्तमान पार्षद भी पिछड़ी जाति की हैं। वार्ड में पेवर ब्रिक्स व नाली निर्माण के कई कार्य कराए गए हैं। लेकिन, वार्ड की प्रमुख समस्या नहर का समाधान नहीं हो सका है।
नहर के आसपास रहने वाले अधिकतर परिवार इसे कचरा घर के रूप में इस्तेेमाल करते हैं तो कइयों ने इसे नाला का रूप दे दिया है। इसमें कुछ लोगों को सीवर लाइन का पानी डालने में भी कोई गुरेज नहीं है। हेरिटेज कालोनी से लेकर तुवन चौराहे तक नहर कचरे से पटी पड़ी है। इससे मुहल्ले में मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया छह महीने में दो बार मलेरिया की चपेट में आ चुके हैं। इससे समस्या का अंदाजा लगाया जा सकता है। अटल विद्या मंदिर स्कूल के मुख्य गेट पर बनी पुलिया काफी नीची है। इसके चलते पुलिया आए दिन चोक हो जाती है और इसका गंदा पानी सड़क पर होकर बहता है। नरेंद्र कुमार तिवारी के घर के पास खाली प्लाट में नाली का पानी इकट्ठा हो रहा है, जो अब दलदल का रूप ले चुका है। कमोवेश यही स्थिति राजेश लिटौरिया के घर के पास है। रामदास गार्डन के पास नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। सीएमओ आवास के सामने पुलिया चोक बनी है। स्टेट बैंक के पास सड़क से पेवर ब्रिक्स जगह-जगह गायब हो गए हैं। रिसाला मंदिर के मैदान में गोबर तो कहीं मकान का मलवा रखा हुआ है। तुवन टीला के पास कच्ची नाली व जलभराव समस्या बना हुआ है। नगर पालिका इसका हल नहीं खोज सकी है। ऐसे में स्थानीय निवासियों को अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ये हैं मुहल्ले
वार्ड में तुवन टीला, नहर रोड, आजादपुरा द्वितीय शामिल है।
प्रमुख समस्या
वार्ड में गंदे पानी की निकासी, खस्ताहाल सीसी रोड, नहर की सफाई और जलभराव समस्या बनी हुई है।
पहचान
अटल विद्या मंदिर स्कूल, रिसाला मंदिर, तुवन मंदिर, सिद्घि सागर एकेडमी व महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल प्रमुख हैं।
प्रमुख व्यक्तित्व
वार्ड में पूर्व विधायक सुमन कुशवाहा, बब्बूराजा बुंदेला, हरीराम निरंजन, जिला पंचायत सदस्य वंशीधर बाबू, गंधर्व बाबू, राघवेंद्र सिमिरिया, शालिकराम पुरोहित, उत्तम सिंह चौहान, बालकृष्ण नायक, ब्लाक प्रमुख जयराम सिंह निरंजन, शिक्षक नेता राजेश लिटौरिया का आवास है।
यह हुए निर्माण
आजादपुरा द्वितीय में मगन सोनी के मकान के पीछे से जगभान कुशवाहा के मकान तक सीसी रोड व नाली निर्माण, राजपूत के मकान से तिवारी के मकान तक इंटरलाकिंग टाईल्स निर्माण, नायक के मकान से सेन के मकान तक इंटरलाकिंग टाईल्स का कार्य, संतोष तिवारी के मकान के बगल में इंटर लॉक पेवर ब्रिक्स रोड व नाली निर्माण, अनूप ताम्रकार के मकान के सामने नाली व सीसी रोड व किलेदार के मकान के सामने और सालिगराम पुरोहित के मकान तक स्लैब निर्माण, सुनीत जायसवाल के मकान से अशोक अहिरवार के मकान होते हुए रामविलास रजक के मकान तक नाली निर्माण का कार्य हुआ है।
सीसी रोड की नहीं होती मरम्मत
सीसी रोड का निर्माण तो करा दिया जाता है, लेकिन उसके रखरखाव और मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जाता है। इससे जल्द ही सीसी रोड में छोटे-बड़े गड्ढे होने लगते हैं। भरतपुरा हाउस के पास पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह बुंदेला की निधि से सीसी रोड बनाया गया था जो अब एक तरफ से धंस गया है। इससे आएदिन लोग संतुलन खोकर गिर पड़ते हैं। इसके अलावा जल भराव की समस्या का निदान नहीं खोजा सका है। बारिश में जगह-जगह सड़कों पर दो-तीन फुट पानी जमा हो जाता है।
संजय गौतम
खाली प्लॉट बने समस्या
घर के सामने नाली निकासी के उचित इंतजाम नहीं है, जिससे खाली प्लॉट में आसपास के घरों का गंदा पानी इकट्ठा हो रहा है। यही नहीं, दूसरी गली से आ रहा नाली का पानी भी यही इकट्ठा हो रहा है। ऐसे में मच्छर पनप रहे हैं। इसकी शिकायत पार्षद पुष्पारानी, पालिकाध्यक्ष सुभाष जायसवाल से की है। हाल ही में मुख्यमंत्री के व्हाट्सऐप पर शिकायती पत्र भेजा है। अब समस्या के समाधान का इंतजार है।
आराधना तिवारी
......
रखवाए जाए कंटेनर
मुहल्ले में कचरा इकट्ठा करने के लिए कहीं पर भी कंटेनर नहीं रखे गए हैं। मजबूरन, लोग नहर में कचरा डाल देते हैं। वहीं, गलियों की नालियों में सफाई के नाम पर औपचारिकता हो रही है। हर समय कचरा घर में नहीं रखा जा सकता है। उन्होंने नपाध्यक्ष से मुहल्ले में कंटेनर रखवाने की मांग की है।
मलेरिया की बीमारी से हो चुके ग्रसित
गली में गंदे पानी की निकासी की सुविधा नहीं है। इससे घर के बगल में खाली प्लाट में गंदा पानी जमा हो रहा है। बारिश में तो घर के पास जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। फागिंग मशीन मुख्य सड़क से होकर गुजरती है। मच्छर गली में घुस जाते हैं जो मलेरिया बीमारी को जन्म दे रहे हैं। दो जनवरी व 28 अप्रैल को कराए गए परीक्षण में उन्हें मलेरिया वाइवेक्स निकला था। वहीं, मुहल्ले में बिजली के तार भी झूल रहे हैं जो हादसे को न्योता दे रहे हैं।
राजेश लिटौरिया
कराए विकास कार्य
नहर में गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं तो खुली नहर दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। जलभराव की समस्या का निदान किया गया है। मिलन पैलेस के पास साइफन का निर्माण किया जा रहा है तो लाल सिस्टर के घर के पास नाला निर्माण कराया गया है। खुले में शौच की समस्या से निपटारे के लिए सामुदायिक शौचालय बनवाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत 40 शौचालय बन चुके हैं। बारह सौर ऊर्जा लाइट लगवाई गई हैं। नवीन में जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछवाई है। नहर रोड पर सीसी रोड का निर्माण प्रस्तावित है।
पुष्पारानी कुशवाहा, पार्षद
नहर को कवर्ड कराने की रख चुके मांग
नहर के खुले होने से इसमें गंदगी जमा हो रही है। नगर पालिका परिषद इसको लेकर काफी चिंतित है। गोविंद सागर बांध से निकली छोटी नहर को कवर्ड कराने के लिए केंद्रीय जल संसाधन मंत्री से अनुरोध किया है।
सुभाष जायसवाल
अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद ललितपुर।