पाली(ललितपुर)। थाना पाली के अंतर्गत ग्राम भौंता निवासी एक युवक ने अपने खेत में जामुन के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। पाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम भौंता निवासी अंकित लोधी (20) पुत्र जगभान लोधी सोमवार की रात में गांव में ही एक शादी में देर रात तक शामिल रहा। इसके बाद घर चला गया और मंगलवार को सुबह उठकर खेत पर मूंग की फसल की रखवाली के लिए चला गया, जहां सुबह लगभग आठ बजे उसने अपने भाई को खाना लाने के लिए घर भेज दिया और वह खुद वहीं रुक गया। तीन घंटे बाद लगभग 11 बजे जब उसका भाई खाना लेकर खेत पर पहुंचा तो अंकित का शव खेत पर जामुन के पेड़ पर रस्सी से लटक रहा था। जिस पर उसने अपने परिजनों को सूचना दी, परिवारजन मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर थाना पाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष पाली कृष्णवीर सिंह ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से मरने की बात लिखी है।