विभागीय लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे आम आदमी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना लापरवाही की भेंट चढ़ रही है। जनपद में शासन ने जो सूची भेजी है, उसमें 16 हजार लाभार्थी ऐसे हैं, जिनकी जन्मतिथि एक सी है। साथ ही लाभार्थी के पिता का नाम या तो दर्ज नहीं है या फिर दोनों के नाम एक सा ही दर्ज है। ऐसे में लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जनपद में 65536 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। इसके लिए शासन ने लाभार्थियों की सूची भेजी है लेकिन शासन जो सूची भेजी है, उसमें करीब 16691 लोगों की जन्मतिथि व पिता के नाम दर्ज नहीं है। ऐसे में उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पा रहा है। इस संबंध में कई बार शासन को पत्र लिखा जा चुका है लेकिन संशोधित सूची न आने के कारण लोगों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
आधार में मोबाइल लिंक न होना बन रहा परेशानी
ग्रामीण इलाकों में 70 वर्ष अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड सूची शासन ने भेजी है लेकिन आधार कार्ड में मोबाइल नंबर दर्ज न होने के कारण ओपीटी नहीं आ रही है। इस समस्या के कारण ग्रामीण इलाकों में बुजुर्गों के आधार कार्ड बनने में समस्या आ रही है।
वर्जन
मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड की जो सूची शासन से भेजी गई हैं, उसमें परिवार के सभी सदस्यों की एक समान जन्मतिथि अंकित है। साथ ही कई लाभार्थियों के पिता का नाम नहीं है, जो है भी वह भी गलत है। इस संबंध में शासन को पत्राचार किया गया है। - डॉ, अवधेश यादव, डिप्टी सीएमओ