ललितपुर (ब्यूरो)। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अगस्त-2015 के बाद जो भी सरकारी कर्मचारी (समूह घ को छोड़कर) सेवानिवृत्त हुए हैं अथवा होंगे, उनको पेेंशन का भुगतान ई- पेंशन प्रणाली से आनलाइन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित पेंशनर्स दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी मिथलेश कुमार त्रिवेदी ने की। वरिष्ठ कोषाधिकारी विष्णु कांत द्विवेदी ने बताया कि शासन से पेंशनर्स की समस्याएं सुनने, उनका समाधान करने और पेंशनर्स के सुझावों पर विचार करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।
अगस्त- 2015 के बाद से आनलाइन पेंशन की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए आवश्यक है कि सभी आहरण-वितरण अधिकारियों के पास अनिवार्य रूप से डिजिटल सिग्नेचर (डीसीएस) उपलब्ध हों। ई-पेंशन के माध्यम से आहरण-वितरण अधिकारियों को पेंशन भुगतान के लिए कोषागार से लॉग-इन पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
आहरण-वितरण अधिकारी अपने स्तर से कार्यालय सहायक को लॉग-इन पासवर्ड उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि अब पेंशनर्स को जीवित होने का प्रमाण पत्र वर्ष के किसी भी महीने में जमा करने की सुविधा होगी। पेंशनर्स संबंधित बैंकों में भी जीवित होने का प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। पेेंशन के प्रथम भुगतान के लिए पेंशनधारी को कोषागार में उपस्थित होना आवश्यक है।
विभागाध्यक्ष कोषागार को भेजे जाने वाले पेंशन प्रपत्रों में पेंशन धारक का मोबाइल नंबर भी अंकित करें, जिससे पेंशन प्रपत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर पेंशनर्स को सूचना प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि मार्च 2016 तक जितने भी सरकारी कर्मचारी/अधिकारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं, उनसे संबंधित सभी अद्यतन सूचनाएं कोषागार को समय से उपलब्ध करा दी जाएं।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि पेंशनर्स के प्रति सहानुभूति और संवेदनशीलता का व्यवहार कर उन्हें नियमानुसार कानूनी सहायता प्रदान करें। इस अवसर पर पेंशनर्स संगठन के पदाधिकारी, पेंशन भोगी कर्मचारी, एसडीएम महरौनी यशु रूस्तगी, एसडीएम तालबेहट रत्नाकर मिश्र, क्षेत्राधिकारी ओमकार सिंह यादव उपस्थित रहे।