संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अमरपुर मंडी में क्रय केंद्र पर ट्रक व पिकअप से मूंगफली उतर रही थी। तभी वहां उपजिलाधिकारी नासिर पहुंच गए। उन्होंने मूंगफली के दस्तावेज मांगे तो वह कागज नहीं दिखा सके। उन्होंने वाहन सहित मूंगफली को जब्त कर अधिकारियों को सूचित किया।
गल्ला मंडी में चार मूंगफली क्रय केंद्र का संचालन हो रहा है। यहां अभी तक 10 हजार क्विंटल से अधिक मूंगफली की खरीद हो चुकी है। इन केंद्रों पर किसानों का ही माल बिके, इसके लिए प्रशासन नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी इस संबंध में कई बार क्रय केंद्र प्रभारियों को चेतावनी दे चुके हैं। बुधवार दोपहर को अमरपुर मंडी में क्रय केंद्र पर ट्रक व पिकअप से मूंगफली बिकने को आई, इसी समय वहां पर उपजिलाधिकारी नासिर पहुंचे।
उन्होंने मूंगफली किसानों के विषय में जानकारी चाही, तो पहले तो कोई नहीं बोला। जब उन्होंने केंद्र प्रभारी को कार्रवाई की धमकी दी तो एक किसान सामने आया, लेकिन वह खतौनी व भूमि संबंधी कोई दस्तावेज नहीं लिए था।
तत्काल उपजिलाधिकारी ने दोनों वाहनों को मूंगफली के साथ जब्त कर लिया। सूत्रों का कहना है कि यह केंद्र सत्ताधारी दल से जुड़े एक नेता का है, जिसके चलते जांच के नाम पर लीपापोती की तैयारी चल रही है। लेकिन, प्रशासन किसान का माल न होने पर कार्रवाई करने का दावा कर रहा है। ट्रक पर 100 क्विंटल व 32 क्विंटल पिकअप पर मूंगफली लदी बताई जा रही है।
-
मूंगफली के वाहनों को जब्त कर लिया है, इसकी जांच की जा रही है। अगर किसान की मूंगफली होने की पुष्टि नहीं होती है तो कार्रवाई की जाएगी।-अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी।