16 से 22 फरवरी तक श्रीमद्भागवत कथा का होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। श्री हनुमान धारा मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में महामंडलेश्वर राधा मोहनदास ने कहा कि वर्तमान समय में समूचा विश्व हिंसा के मुहाने पर खड़ा है। उसे बचाने के लिए सिर्फ सनातन एकमात्र जरिया है क्योंकि सनातन धर्म कभी हिंसा में विश्वास नहीं करता। उन्होंने कहा कि सनातन के पथ पर चलने से ही विश्व में शांति स्थापित हो सकती है।
हनुमान धारा के महंत गोलोकवासी गोपी दास महाराज की स्मृति में 16 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। महामंडलेश्वर ने कहा कि गोपी दास ने मंदिर को ही निशुल्क छात्रावास बना दिया था। मंदिर में उनकी स्मृति में संस्कृत वेद विद्यालय भी संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को कथा के शुभारंभ पर विशाल शोभायात्रा निकल जाएगी और अपराह्न एक से प्रतिदिन कथा का वाचन किया जाएगा नित्य प्रसाद वितरण के अलावा समापन पर भंडारा संपन्न होगा। कथा के मुख्य यजमान की सेवा श्याम कांत चौबे लबरदार, भंडारा सेवा राजीव बबेले व नित्य प्रसाद वितरण की सेवा माधव चौबे लबरदार ने ली गई है। बैठक में अजय तिवारी नीलू, मयंक वैद्य, कमलेश शास्त्री, अमित तिवारी, प्रशांत शुक्ला, मनीष दुबे, संग्राम ग्वाला, राजेश कुशवाहा, पूर्व पार्षद प्रकाश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।