ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में अब मरीजों को इमरजेंसी से नए भवन तक पैदल व स्ट्रेचर के सहारे नहीं जाना होगा। काॅलेज प्रशासन ने एंबुलेंस लगा दी है, जो मरीजों को इमरजेंसी से लेकर 300 बेड भवन तक पहुंचाएगी। मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर/इमरजेंसी पुराने भवन में संचालित हो रही है। अब तक सारे वार्ड भी पुराने भवन में संचालित हो रहे थे। इससे मरीज स्ट्रेचर, व्हीलचेयर या आवश्यकतानुसार पैदल चलकर भी वार्ड में पहुंचते थे।
लेकिन, बीते माह से मेडिकल कॉलेज के 300 बेड भवन को संचालित कर दिया है। शुरूआत में ओपीडी रही, जिसके बाद दो वार्ड 75-75 बेड के शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को नए भवन के वार्ड तक पहुंचने में परेशानी होती थी। कारण अधिक दूरी पड़ जाती है।
अब कॉलेज प्रशासन ने मरीजों को सुविधा के साथ पहुंचाने के लिए एंबुलेंस लगा दी है, जो इमरजेंसी में उपचार के बाद वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों को लेकर जाती है। इससे मरीज सुविधा के साथ नए भवन में बिना भटके पहुंच जाते हैं। तीमारदारों व स्टॉफ को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर नहीं खरीदने पड़ रहे हैं। वहीं नए भवन के वार्ड से पुराने भवन में जांच के लिए आने वाले मरीज सीधे अंदर से ही आवागमन कर लेते हैं।
-
ट्रामा सेंटर/इमरजेंसी के नए भवन में भर्ती होने के लिए आने वाले मरीजों के लिए एंबुलेंस लगाई गई है। इससे मरीज सुविधा से वार्ड तक पहुंच सकेंगे।-डॉ. मयंक कुमार शुक्ला, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज