संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को संवेदना झकझोर देने वाली घटना हुई। दवा लेने के लिए लाइन में लगे छोटेलाल (30) गश खाकर गिर गए। 15 मिनट तक वह दवा वितरण कक्ष के बाहर पड़े रहे। लेकिन, लाइन में लगे लोग उनके ऊपर से गुजरते रहे। यही नहीं, मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने भी ध्यान नहीं दिया। फिर प्रधानाचार्य डॉ. डी नाथ को जानकारी मिली। आननफानन छोटेलाल को इमरजेंसी लाया गया। यहां से उन्हें वार्ड में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत में सुधार है।
ब्लॉक जखौरा के गांव करगन निवासी छोटेलाल को कुछ दिनों से बुखार था। वह सोमवार को मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उन्हें भर्ती होने की सलाह दी। फिर वार्ड में तैनात कर्मियों ने उनसे दवा लाने के लिए कहा। फिर छोटेलाल ईसीजी का पर्चा लेकर दवा वितरण कक्ष पर कतार में लग गए। दवा लेने के बाद ही वह गश खाकर गिर गए।
प्रधानाचार्य ने कराया इलाज
मामले की जानकारी होने पर प्रधानाचार्य डॉ. डीनाथ ने प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके राज को उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए। डॉ. डीके राज ने इमरजेंसी कर्मचारियों को भेजकर भर्ती कराया। ईसीजी जांच कराई। मरीज को सभी प्रकार की दवाइयां दी गई। फिर वार्ड में भर्ती कराया गया।
किसी ने मरीज को उठाने की जहमत नहीं की
दवा लेने के बाद छोटेलाल खिड़की के पास गिर गए। लेकिन, लाइन में लगे लोगों में से किसी ने भी उन्हें उठाने की जहमत नहीं की। यही नहीं, एक के बाद एक लोग उनके ऊपर से लांघते हुए निकलते गए। बेहोश होने से मरीज को कुछ पता नहीं चला। अस्पताल के कर्मचारियों ने भी नजरअंदाज किया।
दवा वितरण कक्ष के पास मरीज के बेहोश होने की जानकारी मिली थी। उसका उपचार कराया गया।
- डॉ. डीनाथ, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज