ललितपुर। रेलवे स्टेशन पर सोमवार को हीराकुंड एक्सप्रेस के एसी कोच में पर्स और मोबाइल चोरी को लेकर यात्री ने हंगामा कर दिया। ट्रेन करीब 27 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही।
सोमवार को अप रूट की हीराकुंड एक्सप्रेस दोपहर में प्लेटफार्म नंबर दो पर 3:45 बजे आई। यह ट्रेन 12 मिनट बाद 3:58 बजे रवाना हुई, तभी कोच बी 2 के यात्रियों ने मोबाइल व पर्स चोरी होने की सूचना देने के बाद भी जीआरपी व आरपीएफ के कर्मियों के नहीं पहुंचने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। साथ ही ट्रेन की चेन खींच दी। इसके बाद ट्रेन चार बजकर दो मिनट पर रवाना हुई तो यात्रियों फिर चेन खींच कर ट्रेन खड़ी कर दी। तीसरी बार ट्रेन 4:14 बजे रवाना हुई, लेकिन यात्रियों ने फिर से ट्रेन की चेन खींच दी। बताया कि यात्रियों के चार मोबाइल चोरी हो गए। इसकी शिकायत उन्होंने आगरा में की थी, लेकिन ट्रेन ललितपुर स्टेशन पर पहुंच गई और अब तक कोई आरपीएफ व जीआरपी कर्मी जांच करने नहीं आया। यात्री कोच अटेंडेंट पर चोरी करने का आरोप लगा रहे थे। इसके चलते ट्रेन लगभग आधा घंटा तक खड़ी रही। आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद यात्री माने और ट्रेन को रवाना किया गया।
मध्यप्रदेश के शहडोल निवासी यात्री जितेंद्र ने बताया कि वह कटनी से बिहार की यात्रा पर हीराकुंड एक्सप्रेस ट्रेन से नौ सितंबर को गए हुए थे। जाते समय भी उनके चार मोबाइल चोरी हुए थे और अब हीराकुंड ट्रेन से लौटते समय भी दो मोबाइल व एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। वहीं,
कटनी निवासी रजनी जैसवानी का दिल्ली के पास पर्स चोरी हो गया।